बिहार के तीन जिलों में भीषण सड़क हादसे: 6 लोगों की मौत, 5 गंभीर घायल
गया में परीक्षा देने आए छात्रों को ट्रैक्टर ने कुचला, आरा में कार-ट्रक की टक्कर और जमुई में खड़ी स्कॉर्पियो में ट्रक ने मारी टक्कर
गया,आरा,जमुई। बिहार के तीन अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। गया, भोजपुर (आरा) और जमुई में हुए इन हादसों में कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
गया में परीक्षा देने आए छात्रों को ट्रैक्टर ने कुचला
गया शहर में शनिवार को सिविल कोर्ट अटेंडेंट की परीक्षा देने आए दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों छात्र परीक्षा केंद्र का पता पूछते हुए सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के भसडरा निवासी आशुतोष कुमार (25) और मुजफ्फरपुर निवासी रमेश कुमार (27) के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ने पहले एक ठेले में टक्कर मारी और फिर पास में खड़े दोनों युवकों को रौंद दिया। ठेले पर खाने-पीने का सामान तैयार किया जा रहा था, जो पूरी तरह बिखर गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद वह सड़क पर ही लेट गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
आरा में कार और ट्रक की टक्कर, दो दोस्तों की मौत
भोजपुर जिले के आरा में शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के गौडाढ़ निवासी मनीष भट्ट (27) और तरारी थाना क्षेत्र के बगसांडा गांव निवासी लव कुमार (22) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में राजू कुमार, सोनू शर्मा, आशीष कुमार, नीरज कुमार और हरी ओम शर्मा शामिल हैं। सभी को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है। मृतक मनीष के पिता सुशील भट्ट ने बताया कि मनीष अपनी बहन को बस स्टैंड छोड़ने पीरो गया था। बहन को ससुराल जाने वाली बस में बैठाने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ कार से निकल गया। कुछ देर बाद परिवार को हादसे की सूचना मिली। घायल हरी ओम के अनुसार, तिवारीडीह गांव में आयोजित यज्ञ में शामिल होने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क के बीच अचानक एक व्यक्ति आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सामने खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद कार में बैठे लोगों को कुछ देर तक होश ही नहीं रहा। बाद में स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जमुई में खड़ी स्कॉर्पियो में ट्रक की टक्कर, दो युवकों की मौत
जमुई जिले के जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो में बैठे दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चौड़ीहा निवासी सौदागर पासवान (26) और प्रदीप पासवान (27) के रूप में की गई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो लगभग 20 फीट तक घसीटते हुए सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक सौदागर के पिता सूरज पासवान ने बताया कि उनका बेटा आगामी 26 अप्रैल को शादी करने वाला था। घटना के समय स्कॉर्पियो में चार लोग पानी की बोतल पहुंचाने के लिए जमुई जा रहे थे। ढूंढो गांव के पास चालक शौच के लिए वाहन से उतर गया था। इसी दौरान सिकंदरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
About The Author
