बिहार में एलपीजी कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन: 419 सिलेंडर जब्त, 21 पर कार्रवाई
पटना। बिहार में रसोई गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं होने के बावजूद कुछ स्थानों पर कृत्रिम किल्लत दिखाकर कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एलपीजी सिलेंडर के अवैध भंडारण और जमाखोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस महानिदेशक विनय कुमार के निर्देश पर सभी जिलों में व्यापक जांच और छापेमारी अभियान चलाया गया। 12 मार्च से 17 मार्च के बीच हुई कार्रवाई में कुल 14 प्राथमिकी दर्ज की गईं, जबकि 419 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए। इस दौरान 21 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
राज्य के विभिन्न जिलों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कालाबाजारी के नेटवर्क पर चोट की गई।
अररिया (फारबिसगंज थाना): सबसे बड़ी कार्रवाई, 261 सिलेंडर जब्त, 2 गिरफ्तार, शिवहर: 6 सिलेंडर जब्त, 2 गिरफ्तार, मधेपुरा (सिंहेश्वर): 1 आरोपी गिरफ्तार, बेगूसराय (लाखो): 11 सिलेंडर के साथ 1 गिरफ्तार, सारण (हरिहरनाथ/नगर थाना): 2 एफआईआर, 4 गिरफ्तार, 3 सिलेंडर जब्त, मुजफ्फरपुर (मिठनपुरा): 7 सिलेंडर, 1 गिरफ्तार, रोहतास: 4 सिलेंडर के साथ 4 गिरफ्तार, सहरसा: 112 सिलेंडर जब्त, 1 गिरफ्तार, शेखपुरा: 6 सिलेंडर जब्त, 3 गिरफ्तार, मोतिहारी: 4 सिलेंडर जब्त, 1 गिरफ्तार इसके अलावा सिवान और कटिहार में भी जमाखोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है।
शेखपुरा के पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं जिलाधिकारी शेखर आनंद ने कई गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि आम उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
About The Author
