चैती छठ को लेकर औरंगाबाद के देव में तैयारियों की समीक्षा, पुलिस अधीक्षक ने दिए आवश्यक निर्देश
औरंगाबाद। आस्था और श्रद्धा के महापर्व चैती छठ को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक ने देव थाना क्षेत्र स्थित छठ पूजा स्थल, आवासन व्यवस्था और पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने छठ घाटों, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग और भीड़ नियंत्रण के लिए किए जा रहे इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि चैती छठ के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना बेहद जरूरी है।
इस मौके पर सदर-02 के एसडीपीओ, यातायात डीएसपी, रक्षित डीएसपी, मुख्यालय-02 के डीएसपी, प्रशिक्षु डीएसपी, देव थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि चैती छठ बिहार का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें श्रद्धालु भगवान सूर्य और छठी मईया की पूजा-अर्चना करते हैं। इस पर्व पर औरंगाबाद जिले के देव स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर में दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार यहां सूर्य भगवान की आराधना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। प्रशासन द्वारा छठ पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष तैयारी की जा रही है, ताकि श्रद्धालु श्रद्धा और सुरक्षा के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।
About The Author
