औरंगाबाद में शादी समारोह के दौरान छज्जा गिरा, दो की मौत और 25 घायल; खुशियां मातम में बदली
औरंगाबाद। जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के मंझियावां गांव में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जयमाल कार्यक्रम के समय अचानक घर की छत का छज्जा (पोर्टिको) भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में दबने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामव्यास सिंह की बेटी की शादी थी। बारात गोह थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव से आई थी। द्वारपूजा के बाद जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में गांव के लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल के पास बना छज्जा अचानक गिर गया और उसके नीचे बैठे कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मिलकर मलबा हटाया और घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों का इलाज दाउदनगर, ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य उच्च चिकित्सा केंद्रों में किया जा रहा है।
इस हादसे में जिन दो लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान सत्यनारायण सिंह और अखिलेश्वर यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अखिलेश्वर यादव झारखंड के धनबाद में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे, जबकि सत्यनारायण सिंह खेती-किसानी करते थे। दोनों मृतक रिश्ते में दुल्हन के भाई बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि अखिलेश्वर यादव अपने भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और एक बेटे की शादी अभी बाकी है। वहीं सत्यनारायण सिंह की दो बेटियों की शादी हो चुकी है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। वहीं स्थानीय प्रशासन ने भी मामले की जानकारी लेकर स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
About The Author
