मसौढ़ी: ईद से पहले बुझ गया घर का चिराग, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो मासूम भाइयों को कुचला

मसौढ़ी: ईद से पहले बुझ गया घर का चिराग, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो मासूम भाइयों को कुचला

मसौढ़ी। भगवानगंज–देवरिया पथ पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा खैनिया गांव के समीप पुल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार से रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने साइकिल सवार दोनों बच्चों को कुचल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया, वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर अपना आक्रोश भी जताया। मिली जानकारी के अनुसार भगवानगंज थाना क्षेत्र के खैनिया गांव निवासी मोहम्मद मुस्तकिन के 10 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अरशद अहमद और 6 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अनश अहमद रविवार को घर से देवरिया मोड़ पर बाल कटवाने के लिए निकले थे। बाल कटवाने के बाद दोनों भाई साइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भगवानगंज की ओर से तेज रफ्तार से रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बच्चे ट्रैक्टर के नीचे गए और घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मासूम भाइयों की मौत से आक्रोशित लोगों ने भगवानगंज–देवरिया पथ को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भगवानगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम हटवाया और यातायात को फिर से सुचारु कराया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था और तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो मासूम भाइयों की जान चली गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। उधर, इस हादसे के बाद बच्चों के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों की भीड़ घर पर जुटी हुई है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ईद के ठीक पहले इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं और घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।

Views: 113
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND