पूर्णिया : रामनवमी की रात कंपाउंडर की गोली मारकर हत्या, बाइक छीनकर फरार हुए बदमाश, इलाके में सनसनी
रामनवमी। की रात पूर्णिया शहर में सामने आई है, जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक कंपाउंडर युवक की बाइक लूटने के बाद उसे गोली मारकर हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना शहर के के. हाट थाना क्षेत्र स्थित कोर्ट स्टेशन रेलवे फाटक के पास हुई। मृतक की पहचान बीकोठी थाना क्षेत्र के निपानिया गांव निवासी महेंद्र यादव के बेटे विजय कुमार (25) के रूप में की गई है।
विजय, लाइन बाजार स्थित एक पैथोलॉजी लैब में कंपाउंडर के पद पर कार्यरत था और के. हाट थाना क्षेत्र के विद्यापति नगर वार्ड नंबर 17 में किराए के मकान में रहता था। वह साथ ही रनिंग की भी नियमित प्रैक्टिस करता था और मेहनती युवक के रूप में जाना जाता था। रविवार की रात वह पैथोलॉजी का काम समाप्त कर रोज की तरह बाइक से लौट रहा था, तभी सुनसान और अंधेरे इलाके में बदमाशों ने उसे रोका।
प्रत्यक्षदर्शी शंभू कुमार ने बताया कि बदमाशों ने विजय को पहले रुकवाया और पिस्टल दिखाकर उसकी पल्सर बाइक लूट ली। इसके बाद अचानक एक बदमाश ने सीने में गोली दाग दी, जिससे विजय की मौके पर ही मौत हो गई। गोली मारने के बाद बदमाश फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही सदर SDPO पंकज शर्मा और के. हाट थानाध्यक्ष उदय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों के साथ-साथ मृतक के परिजनों से पूछताछ कर छानबीन शुरू कर दी है।वहीं, मौके पर जुटे लोगों ने घायल अवस्था में विजय को तुरंत जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। परिजन चीख-पुकार करते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्हें ढांढस बंधाने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है। बता दें कि कोर्ट स्टेशन रेलवे फाटक के पास यह पहली वारदात नहीं है। करीब चार साल पहले भी इसी जगह सौरभ यादव नामक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने फिर एक बार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।SDPO पंकज शर्मा ने कहा कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
About The Author
