गांधी सेतु पर चलती बस में आग: यात्रियों ने शीशा तोड़कर बचाई जान
पटना। शनिवार को गांधी सेतु पुल पर एक बड़ा हादसा टल गया। हाजीपुर से पटना आ रही 40 यात्रियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। चालक और यात्रियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया, लेकिन बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना गांधी सेतु पुल के पिलर नंबर-14 के पास हुई। चलती बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। यात्रियों और चालक ने इसे देखा तो घबराहट फैल गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को रोका और सभी यात्रियों को बस से उतरने के लिए कहा। कई यात्री शीशा तोड़कर बाहर निकले।
जाम और यातायात व्यवस्था पर असर
घटना के कारण गांधी सेतु पुल पर यातायात बाधित हो गया। आग लगने के बाद पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 1 घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
दमकल टीम की कार्रवाई
घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
यात्रियों की सुरक्षा
गंगा ब्रिज थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि इस हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई है। चालक ने सतर्कता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
About The Author
