गिरिडीह: नर्सिंग होम में इलाज में लापरवाही का आरोप, मरीज की मौत
गिरिडीह। गिरिडीह के बरसमिया स्थित विश्वनाथ नर्सिंग होम में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर बवाल किया। मृतक की पहचान पाण्डेयडीह के संतोष शर्मा के रूप में हुई है, और उनके बड़े भाई का संबंध झामुमो से है। इस घटना के बाद नगर विकास मंत्री और स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
मृतक के परिजनों का आरोप
मृतक के भाई प्रदोष शर्मा ने बताया कि संतोष की तबीयत दो दिन से खराब थी और उन्हें विश्वनाथ नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। भर्ती के समय उनकी स्थिति सामान्य थी। रात में पथरी का ऑपरेशन किया गया और उसके बाद रात करीब दो बजे अस्पताल से खून की मांग की गई। परिजनों ने तत्काल रक्त उपलब्ध करवा दिया और उसके बाद संतोष को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत की सूचना मिली। जब परिजनों ने मौत का कारण पूछा, तो डॉक्टर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में हंगामा
मृतक के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद सहित भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंचे।
मंत्री ने क्या कहा?
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि राज्य के किसी भी अस्पताल को मरीजों के इलाज में व्यापार करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने विश्वनाथ नर्सिंग होम की घटना की गहरी जांच और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री ने मौके पर जाकर परिजनों को सांत्वना दी और अस्पताल प्रशासन से बात की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को लेकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी
About The Author
