शिक्षा को आधुनिक बनाने में एआई निभाएगा अहम भूमिका : हेमंत सोरेन
रांची। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार की जरूरत पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते दौर के साथ शिक्षा व्यवस्था में भी बदलाव आवश्यक है।
झारखंड में शिक्षा के हर स्तर पर मौजूद कमियों को दूर करने और व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का सही इस्तेमाल शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है हेमंत सोरेन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई और नई तकनीकों के इस्तेमाल से शिक्षण प्रक्रिया को विद्यार्थियों के लिए अधिक सरल और प्रभावी बनाया जा सकता है।
तकनीक के माध्यम से बच्चों की जरूरत और क्षमता के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आधुनिक तकनीक को शिक्षा से जोड़ना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी आधुनिक ज्ञान और तकनीक से आगे बढ़े, लेकिन साथ ही अपनी संस्कृति, मूल्यों और जड़ों से भी जुड़ी रहे। मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य को दिशा देने में शिक्षकों का योगदान सबसे अहम है। उन्होंने प्रदेश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
About The Author
