औरंगाबाद : युवती की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील तस्वीरें वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
औरंगाबाद। औरंगाबाद साइबर थाना पुलिस ने युवती की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम राजमंगल कुमार है, जो झिकटिया गांव, बंदेया थाना क्षेत्र, गोह प्रखंड का निवासी है। राजमंगल को उसके घर से गिरफ्तार किया गया, और उसके पास से एक एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिससे वह यह अपराध कर रहा था। साइबर थाना की डीएसपी डॉ. अनु कुमारी के अनुसार, राजमंगल ने निशु कुमारी के नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई थी। इस आईडी से उसने युवती की अश्लील तस्वीरें पोस्ट कीं और उन्हें वायरल कर दिया। इस मामले में 8 अप्रैल 2024 को औरंगाबाद साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने राजमंगल को 14 जून को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि राजमंगल कुमार एक युवती से प्रेम करता था और उसे शादी का प्रस्ताव दिया था, जिसे युवती ने मना कर दिया। इससे नाराज होकर उसने यह फर्जी आईडी बनाई और अश्लील तस्वीरें वायरल कर दीं। उसने न केवल युवती की बल्कि उससे जुड़ी अन्य महिलाओं की तस्वीरें भी पोस्ट कीं और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया। गिरफ्तारी के बाद पता चला कि राजमंगल का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पॉक्सो एक्ट के तहत वह पहले भी जेल जा चुका है। जेल से लौटने के बाद उसने अन्य महिलाओं की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट करना शुरू कर दिया था। पुलिस ने उसे पुनः जेल भेज दिया है। इस मामले में छापेमारी टीम में इंस्पेक्टर बबन बैठा, रंजीत कुमार, सब इंस्पेक्टर आनंद कुमार गुप्ता, राजू कुमार और महिला सिपाही रोशनी कुमारी शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।
About The Author
