पटना में छात्रों के राजभवन मार्च से पहले बवाल, पुलिस लाठीचार्ज और वाटर कैनन से प्रदर्शनकारियों को रोका

पटना में छात्रों के राजभवन मार्च से पहले बवाल, पुलिस लाठीचार्ज और वाटर कैनन से प्रदर्शनकारियों को रोका

पटना। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को पटना में प्रस्तावित राजभवन मार्च शुरू होने से पहले ही गांधी मैदान गेट संख्या-10 पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि एकत्रित हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई छात्र घायल होने का दावा कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से राजभवन मार्च निकालना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गांधी मैदान से आगे बढ़ने नहीं दिया और बल प्रयोग किया। कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें निशाना बनाकर पीटा, जबकि छात्र नेताओं का कहना है कि प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया।

आइसा के अनुसार यह प्रदर्शन केवल जंतर-मंतर में छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ भी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही सभी पेपर लीक मामलों की फास्ट ट्रैक जांच, 7.5 सीजीपीए की अनिवार्यता समाप्त करने, सभी विद्यार्थियों को समान डिग्री देने, यूजी, पीजी और पीएचडी की बढ़ी हुई फीस वापस लेने, शोधार्थियों के लिए नॉन-नेट फेलोशिप लागू करने, शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाने, परीक्षा प्रणाली में सुधार और विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता बनाए रखने की मांग भी उठाई गई।

छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार का दमन किया जा रहा है। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान और राजभवन मार्ग पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Views: 12
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND