दिल्ली से इलाज कर लौट रहे परिवार की कार ट्रेलर से टकराई, नवजात समेत पांच घायल
औरंगाबाद के एनएच-19 पर हुआ हादसा, सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गया रेफर
औरंगाबाद। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवजात शिशु समेत पांच लोग घायल हो गए। दिल्ली से नवजात का इलाज कर घर लौट रहा परिवार उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। यह दुर्घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के नगमतिया मोड़ के समीप हुई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मदनपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान रिशु राज, तेशमणी देवी, विनय शर्मा, रोहित कुमार सिंह तथा एक नवजात शिशु के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं और दिल्ली से नवजात का इलाज कराकर अपने घर लौट रहे थे।
परिजनों के अनुसार, जन्म के कुछ समय बाद ही नवजात की तबीयत बिगड़ गई थी। स्थानीय चिकित्सकों की सलाह पर उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। उपचार के बाद परिवार कार से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान नगमतिया मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी कार टकरा गई। मदनपुर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
About The Author
