रोहतास में अमान्य डिग्री पर नौकरी कर रहे 13 शिक्षकों की सेवा समाप्त, वेतन वसूली के निर्देश

रोहतास में अमान्य डिग्री पर नौकरी कर रहे 13 शिक्षकों की सेवा समाप्त, वेतन वसूली के निर्देश

सासाराम। रोहतास जिले में शिक्षा विभाग ने अमान्य डिग्रियों के आधार पर नौकरी कर रहे 13 शिक्षकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मदन राय ने संबंधित नियोजन इकाइयों को सेवा समाप्ति की कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ इन शिक्षकों से अब तक प्राप्त वेतन की वसूली करने का भी निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए सभी 13 शिक्षक काराकाट प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में कार्यरत थे। विभागीय जांच में उनके द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक प्रमाणपत्र अमान्य पाए गए। इनमें अधिकांश डिग्रियां दूसरे राज्यों के संस्थानों से प्राप्त की गई थीं।

शिकायत के बाद शुरू हुई थी जांच

बताया गया कि वर्ष 2021 में बिक्रमगंज निवासी एक व्यक्ति द्वारा की गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई थी। दस्तावेजों के सत्यापन और नियोजन इकाइयों के माध्यम से विस्तृत जांच पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग ने सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करते हुए इन शिक्षकों की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया।

एक महीने में 155 शिक्षकों पर कार्रवाई

रोहतास जिले में इससे पहले भी 142 शिक्षकों की डिग्रियां अमान्य घोषित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। ताजा कार्रवाई के बाद पिछले एक महीने में अमान्य डिग्री के मामलों में कुल 155 शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।

वेतन की होगी वसूली

जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने स्पष्ट किया है कि अमान्य डिग्री के आधार पर नियुक्ति प्राप्त कर सरकारी वेतन लेने वाले शिक्षकों से अब तक भुगतान की गई पूरी वेतन राशि की वसूली की जाएगी। इसके लिए संबंधित नियोजन इकाइयों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के शिक्षकों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फर्जी अथवा अमान्य शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी करने वालों के विरुद्ध जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Views: 9
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND