रातभर घर नहीं लौटा युवक, सुबह कुएं से मिला शव; परिवार में मचा कोहराम
मदनपुर थाना क्षेत्र के भुईयां विगहा की घटना, कुएं के पास मिली चप्पल से चला सुराग
औरंगाबाद। मदनपुर थाना क्षेत्र के भुईयां विगहा गांव में एक युवक का शव गुरुवार सुबह कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। युवक बुधवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। मृतक की पहचान महेंद्र प्रसाद के 34 वर्षीय पुत्र नीपू कुमार के रूप में हुई है।
गुरुवार सुबह करीब छह बजे कुछ ग्रामीण जब कुएं के पास पहुंचे तो वहां नीपू कुमार की चप्पल पड़ी देखी। इसके बाद अनहोनी की आशंका के बीच ग्रामीणों ने कुएं में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उनका शव बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अवर निरीक्षक सुरेंद्र कुमार और एसआई रोहित कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। बताया जाता है कि नीपू कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
उनके परिवार में पत्नी नीलम देवी और दो पुत्र हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।पुलिस अवर निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला कुएं में डूबने से मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
About The Author
