21 साल बाद देव पहुंचे आईजी विकास वैभव, सूर्य मंदिर में की पूजा-अर्चना; ओवरलोड फ्लाई ऐश ट्रकों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

21 साल बाद देव पहुंचे आईजी विकास वैभव, सूर्य मंदिर में की पूजा-अर्चना; ओवरलोड फ्लाई ऐश ट्रकों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

देव, औरंगाबाद। मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव सोमवार को करीब 21 वर्षों बाद औरंगाबाद के देव स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर पहुंचे। परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर उन्होंने भगवान भास्कर की विधिवत पूजा-अर्चना की और बिहार सहित पूरे देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं विकास की कामना की। मंदिर न्यास समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान समिति की ओर से आईजी को अंगवस्त्र और प्रसाद देकर सम्मानित किया गया। पूजा-अर्चना के बाद आईजी ने कहा कि इतने लंबे अंतराल के बाद देव के ऐतिहासिक और अलौकिक सूर्य मंदिर में आने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य के प्रकाश से देश और समाज को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने बिहार के उज्ज्वल भविष्य और पूरे राष्ट्र की प्रगति के लिए प्रार्थना की।

कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

देव में मौजूद लोगों से बातचीत के दौरान आईजी विकास वैभव ने मगध क्षेत्र की कानून व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून का राज कायम रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। अपराधियों पर लगातार नजर रखने के साथ आम लोगों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस अधिकारियों को सक्रियता से काम करना होगा। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने नबीनगर एनटीपीसी से निकलने वाले फ्लाई ऐश लदे ओवरलोड ट्रकों की समस्या आईजी के सामने रखी। लोगों ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन क्षेत्र की सड़कों से गुजरते हैं। कई ट्रकों में निर्धारित क्षमता से अधिक फ्लाई ऐश लोड रहने के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इसके अलावा वाहनों से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने आईजी को बताया कि भारी और ओवरलोड वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। सड़क किनारे रहने वाले लोगों के अलावा बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच के निर्देश

स्थानीय लोगों की शिकायत पर आईजी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्ती बरती जाए। ऐसे वाहनों की नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। आईजी ने अधिकारियों से कहा कि आम जनता की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। ओवरलोड वाहनों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार जांच अभियान चलाने और नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की जरूरत है। आईजी के निर्देश के बाद स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नबीनगर एनटीपीसी से निकलने वाले ओवरलोड फ्लाई ऐश ट्रकों की समस्या पर अब प्रभावी कार्रवाई होगी। इस दौरान सूर्य मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे। मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की सक्रियता से देव आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Views: 4
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND