भागलपुर: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली मारकर हत्या
भागलपुर। भागलपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना नवगछिया के जगतपुर गांव में हुई, जहां पारिवारिक विवाद के दौरान फायरिंग में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई और उनकी मां घायल हो गए।
क्या है मामला?
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजे, जयजीत यादव और विश्वजीत यादव के बीच पानी को लेकर विवाद हुआ। मामूली कहासुनी के बाद दोनों भाइयों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची मां भी गोलीबारी की चपेट में आ गई।
घटना में एक की मौत, दो घायल
गोलीबारी में विश्वजीत यादव को गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें भागलपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जयजीत यादव की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। उनकी मां के हाथ में गोली लगी है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
About The Author
