औरंगाबाद में तेज रफ्तार पिकअप का कहर, बाइक सवार युवक की मौत; आक्रोश में पांच घंटे सड़क जाम
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना संडा-टंडवा मुख्य मार्ग पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जमुआ गांव निवासी मुन्ना पाल के 22 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर से महज कुछ दूरी पर नाश्ता लेने के लिए निकला था, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब पांच घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम हटवाया। परिजनों के अनुसार, नीतीश गुजरात के सूरत में एक फैक्ट्री में काम करता था और कुछ दिन पहले ही पारिवारिक कारणों से घर आया था। वह जल्द ही वापस काम पर लौटने वाला था, लेकिन उससे पहले ही हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई है, वहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है और फरार पिकअप चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
About The Author
