राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में अब नहीं होगी शारीरिक परीक्षा की तैयारी, जिला प्रशासन ने लगाया प्रतिबंध
पकड़े जाने पर होगी कार्रवाई
पटना। राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त फैसला लिया है। अब गांधी मैदान परिसर में शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी जैसे दौड़, कसरत, ग्राउंड ट्रेनिंग और अन्य अभ्यास पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि गांधी मैदान केवल एक सामान्य खुला मैदान नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक महत्व का स्थल है। यहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों द्वारा लगातार शारीरिक अभ्यास किए जाने से मैदान की हरियाली, ट्रैक, पाथवे और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंच रहा था। इसके साथ ही आम नागरिकों, बच्चों, बुजुर्गों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गांधी मैदान को आम लोगों के भ्रमण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, राष्ट्रीय पर्वों, सरकारी आयोजनों और शांत वातावरण के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक तैयारी के लिए अभ्यर्थियों को अब प्रशासन द्वारा चिह्नित अन्य मैदानों या निर्धारित स्थलों का उपयोग करना होगा।
आदेश के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए गांधी मैदान में दंडाधिकारी, पुलिस बल और नगर निगम की टीम तैनात रहेगी। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि गांधी मैदान की गरिमा और संरचना को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
About The Author
