पवन सिंह और निशांत कुमार समेत 10 नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने ली शपथ

पवन सिंह और निशांत कुमार समेत 10 नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने ली शपथ

पटना। बिहार विधान परिषद् के नवनिर्वाचित 10 सदस्यों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने संसदीय दायित्वों का औपचारिक रूप से निर्वहन शुरू किया। शपथ ग्रहण समारोह विधान परिषद् परिसर में आयोजित हुआ, जहां सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई। इन नवनिर्वाचित सदस्यों में भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता पवन सिंह, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, भाजपा नेता संजय मयूख तथा राजद के सुनील कुमार सिंह सहित कुल 10 सदस्य शामिल रहे।

सभी सदस्य हाल ही में संपन्न विधान परिषद् की द्विवार्षिक चुनाव एवं उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित विभिन्न दलों के मंत्री, विधायक एवं विधान पार्षद उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी गई और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप जनता की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाने का संकल्प दिलाया गया।

शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले पवन सिंह को शपथ दिलाई गई। नामांकन के दौरान देर से पहुंचने की घटना को देखते हुए उन्हें इस बार निर्धारित समय से पहले उपस्थित रहने के लिए विशेष रूप से कहा गया था। पवन सिंह समय पर समारोह में पहुंचे और सबसे पहले पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर विधान परिषद् की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सहित अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों ने क्रमवार शपथ ली।

गौरतलब है कि पिछले महीने बिहार विधान परिषद् की नौ सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव तथा पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा रिक्त की गई एक सीट पर उपचुनाव कराया गया था। इन सभी 10 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। बुधवार को शपथ ग्रहण के साथ ही सभी सदस्यों ने औपचारिक रूप से अपने कार्यकाल की शुरुआत कर दी।

Views: 5
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND