मध्यप्रदेश: सागर में जहरीली शराब का कहर, 11 की मौत; 35 से ज्यादा लोग पहुंचे अस्पताल

चार गांवों में शराब पीने के बाद बिगड़ी लोगों की तबीयत

मध्यप्रदेश: सागर में जहरीली शराब का कहर, 11 की मौत; 35 से ज्यादा लोग पहुंचे अस्पताल

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में संदिग्ध जहरीली और अवैध शराब पीने से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक 11 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि करीब 35 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें कई मरीजों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। प्रशासन को आशंका है कि आने वाले समय में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

शराब पीने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार घूघर, नौराज, बराज और आसपास के गांवों में शनिवार रात कुछ लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। परिजन उन्हें स्थानीय अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान कुछ लोगों की मौत हो गई। मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में सक्रिय हो गई हैं।

मरीजों के शरीर पड़ रहे थे नीले

अस्पताल में पहुंचे मरीजों में डॉक्टरों ने गंभीर लक्षण देखे। चिकित्सकों के मुताबिक कई मरीजों का शरीर नीला पड़ गया था और उन्हें शरीर में अकड़न की शिकायत थी। कुछ मरीजों की हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें तत्काल बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ा। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। शराब का सेवन करने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।

कलेक्टर ने लोगों से की तत्काल जांच की अपील

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी प्रकार की शराब का सेवन किया है, वे किसी भी तरह के असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करें। उन्होंने लोगों से स्थानीय चिकित्सा दल से संपर्क करने अथवा सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच कराने की अपील की है।

प्रशासन ने 6 शराब दुकानों को किया सील

लगातार हो रही मौतों के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। एहतियात के तौर पर इलाके की 6 शराब दुकानों को सील कर दिया गया है। इन दुकानों से शराब के नमूने लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

परिजन का दावा- शराब पीने के कुछ देर बाद ही मौत

बमुराबेड़ा गांव के रहने वाले रामकुमार दांगी ने अपने चचेरे भाई की मौत का जिक्र करते हुए बताया कि उनके गांव में भी कई लोगों की जान गई है। उनके अनुसार, तीन लोगों ने साथ में शराब पी थी। इसके बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन का दावा है कि शराब पीने के बाद शरीर ठंडा पड़ने लगा और करीब आधे घंटे के भीतर एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने गांवों का किया दौरा

मामले की सूचना मिलने के बाद सागर के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित गांवों में पहुंचे। अधिकारियों ने नौराज और गूगरा खुर्द सहित आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिल रहे उपचार की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्टी, सिरदर्द और बुखार को भी न करें नजरअंदाज

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शराब पीने के बाद यदि किसी व्यक्ति को उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हों तो वह घर पर इलाज करने के बजाय तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि समय पर चिकित्सकीय जांच और उपचार से गंभीर स्थिति से बचने में मदद मिल सकती है।

जहरीली शराब की आशंका, जांच के बाद साफ होगी तस्वीर

फिलहाल प्रशासन शराब के सेवन के बाद हुई मौतों के कारणों की जांच कर रहा है। शराब के नमूनों को जांच के लिए भेजे जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतों के पीछे जहरीली शराब या उसमें मौजूद किसी जहरीले पदार्थ की क्या भूमिका रही। प्रशासन ने अवैध शराब के नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावित गांवों में मेडिकल स्क्रीनिंग और निगरानी बढ़ा दी है।

Views: 2
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND