झारखंड के मंत्री सुदिव्य सोनू का हार्ट अटैक से निधन,आज गिरिडीह में होगा अंतिम संस्कार

झारखंड के मंत्री सुदिव्य सोनू का हार्ट अटैक से निधन,आज गिरिडीह में होगा अंतिम संस्कार

गिरिडीह। झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात आकस्मिक निधन हो गया। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें गिरिडीह के मर्सी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक, सुदिव्य कुमार सोनू शनिवार रात अपने गिरिडीह स्थित आवास पर थे। सोने की तैयारी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी। स्थिति गंभीर होते देख परिजन तत्काल उन्हें मर्सी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज करने वाले डॉक्टर शहजाद शेख के अनुसार, मंत्री करीब रात 2:15 बजे अस्पताल पहुंचे थे। उस समय से लगभग दो घंटे पहले से उनके सीने में दर्द हो रहा था।

ईसीजी में मिले हार्ट अटैक के संकेत

डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने के दौरान मंत्री को उल्टी भी हुई थी, जिसका कुछ हिस्सा सांस की नली और फेफड़ों की ओर चला गया था। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू करते हुए सांस की नली को साफ किया। इसके बाद ईसीजी जांच की गई, जिसमें हार्ट अटैक के संकेत मिले। इस दौरान उनका ब्लड प्रेशर भी रिकॉर्ड नहीं हो पा रहा था। चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद करीब 10 से 15 मिनट के भीतर उनकी हालत और बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए सीपीआर समेत तमाम जरूरी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह करीब 4 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया गया कि उन्हें पहले से ब्लड प्रेशर और शुगर की समस्या थी। अस्पताल में औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुदिव्य सोनू का पार्थिव शरीर उनके आवास पर लाया गया। निधन की खबर मिलते ही उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की भीड़ जुटने लगी। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गिरिडीह में ही होगा अंतिम संस्कार

सुदिव्य सोनू का अंतिम संस्कार रविवार को उनके गृह क्षेत्र गिरिडीह में ही किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर विधानसभा परिसर नहीं ले जाया जाएगा। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के गिरिडीह पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी दोपहर करीब 12 बजे तक गिरिडीह पहुंच सकते हैं।

JMM ने सभी कार्यक्रम किए स्थगित

पार्टी के वरिष्ठ नेता के निधन के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने प्रस्तावित कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। पार्टी ने सोशल मीडिया के जरिए सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। JMM ने कहा कि जीवन की अनिश्चितता ने पार्टी और उनके साथियों को गहरे शोक में डाल दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी इस आकस्मिक निधन को लेकर गम का माहौल है।

CM हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना उनके जीवन में एक गहरी रिक्तता छोड़ गया है। उन्होंने आकस्मिक निधन को बेहद पीड़ादायक बताते हुए दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में भी हुए थे शामिल

सुदिव्य कुमार सोनू ने निधन से कुछ घंटे पहले ही शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। शनिवार को गिरिडीह के इस्लामिया उर्दू मिडिल स्कूल के शताब्दी समारोह में भी वे मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालयों में कंप्यूटर की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद उनके निधन की दुखद खबर सामने आएगी।

2019 में पहली बार बने थे विधायक

सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पहली बार गिरिडीह सीट से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2024 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अपनी जीत बरकरार रखी। दूसरी बार विधायक बनने के बाद उन्हें हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी मिली थी।

चार महत्वपूर्ण विभागों की संभाल रहे थे जिम्मेदारी

सरकार में सुदिव्य कुमार सोनू को कई महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए थे। वे पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके अलावा नगर विकास और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग भी उनके पास थे। उनके आकस्मिक निधन को झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

Views: 7
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND