आरा में बड़ा रेल हादसा टला, महानंदा एक्सप्रेस के पहिए पटरी से उतरे; कई ट्रेनें प्रभावित
स्टेशन से महज 200 मीटर आगे हुआ हादसा, इंजन समेत तीन बोगियां हुईं प्रभावित; किसी के हताहत होने की सूचना नही
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में रविवार तड़के बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। आरा रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुई 15483 अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस अचानक पटरी से उतर गई। हादसा स्टेशन से करीब 200 मीटर आगे पश्चिमी ओवरब्रिज के पास हुआ। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार महानंदा एक्सप्रेस आरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी थी। निर्धारित समय के अनुसार सुबह करीब 4:12 बजे ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हुई। ट्रेन को बक्सर की दिशा में आगे बढ़ना था, लेकिन सिग्नल और परिचालन व्यवस्था में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रेन सासाराम की ओर जाने वाली लाइन पर बढ़ गई। ट्रेन स्टेशन से कुछ दूरी आगे पहुंची ही थी कि अप लाइन पर उसके पहिए पटरी से उतर गए। अचानक तेज झटके और आवाज के कारण ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
तेज आवाज से नींद में सो रहे यात्रियों में मचा हड़कंप
हादसा तड़के करीब 4 बजे के आसपास हुआ, जब अधिकतर यात्री सो रहे थे। अचानक तेज आवाज और झटके से यात्रियों की नींद खुल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार इंजन, एसएलआर और एक एसी कोच के पहिए पटरी से उतरे। रेलवे की ओर से बाद में बताया गया कि स्लीपर कोच का केवल एक पहिया भी पटरी से उतरने की जानकारी सामने आई है। राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
दिल्ली-हावड़ा रूट पर परिचालन हुआ प्रभावित
महानंदा एक्सप्रेस के बेपटरी होने के कारण दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग की अप लाइन पर परिचालन प्रभावित हो गया। इसके चलते इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा। वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम, कैपिटल एक्सप्रेस, इंटरसिटी, गरीब रथ, पैसेंजर और उधना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को प्रभावित मार्ग की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा।
तीन बोगियों को ट्रेन से किया गया अलग
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी और परिचालन टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बहाली का काम तत्काल शुरू किया गया। इंजन सहित प्रभावित तीन बोगियों को ट्रेन से अलग कर दिया गया। इसके बाद शेष कोचों को दूसरे इंजन की सहायता से आगे रवाना करने की व्यवस्था की गई, ताकि यात्रियों को अधिक परेशानी न हो।
डीआरएम समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे आरा
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार भी आरा रेलवे स्टेशन पहुंचे। उनके साथ रेलवे के वरिष्ठ इंजीनियरिंग अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सिग्नल, ट्रैक और परिचालन व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली।
जैक की मदद से बोगियों को पटरी पर लाने का काम
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि दुर्घटना में किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई है। पटरी से उतरे पहियों को जैक की सहायता से दोबारा ट्रैक पर लाने का काम किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बहाली का काम तेजी से किया जा रहा था और अप लाइन पर जल्द ही रेल परिचालन सामान्य करने का लक्ष्य रखा गया था।
हादसे की वजह की जांच जारी
रेलवे की ओर से फिलहाल हादसे के पीछे तकनीकी गड़बड़ी को प्रमुख कारण बताया गया है। हालांकि सिग्नलिंग सिस्टम, ट्रैक और ट्रेन संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
About The Author
