गिरिडीह में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह। गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में हथियार बनाने की सामग्रियां बरामद कीं। इस फैक्ट्री में देशी कट्टे और पिस्टल तैयार किए जाते थे। पुलिस ने मौके से 10 नई पिस्टल और हथियार निर्माण के लिए उपयोग किए जाने वाले औजार जब्त किए हैं।
चपरियामो गांव में चल रही थी अवैध फैक्ट्री
पिछले कुछ महीनों से जमुआ थाना क्षेत्र के चपरियामो गांव में गुप्त रूप से अवैध हथियारों का निर्माण हो रहा था। पुलिस को सूचना मिलने पर शनिवार देर रात छापेमारी की गई, जिससे मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ। यह फैक्ट्री एक नवनिर्मित भवन में संचालित की जा रही थी, जहां मुंगेर से बुलाए गए कारीगरों द्वारा हथियार तैयार कराए जाते थे। पुलिस ने वहां से लोहे के सांचे, ड्रिलिंग मशीन, जनरेटर और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
मुंगेर में की गई थी 40 कट्टों की आपूर्ति
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि पिछले महीने इस फैक्ट्री में बने 40 देशी कट्टे बिहार के मुंगेर में किसी सलीम नामक अपराधी को सप्लाई किए गए थे। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक कुली उर्फ मुन्ना मियां समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और उनके बयान के आधार पर कुछ और लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
About The Author
