विधानसभा चुनाव 2024: मतदाता जागरूकता के लिए जिले में विशेष कार्यक्रम
छतरपुर। (निरंजन सिन्हा) जिले में 13 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। इसके लिए मतदाताओं को जागरूक करने हेतु जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। 'स्वीप' कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें। खासकर उन मतदान केंद्रों पर जोर दिया जा रहा है जहां पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत कम था। बीएलओ द्वारा ऐसे क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को मॉकपोल के माध्यम से मतदान प्रक्रिया समझाई जा रही है।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन
स्वीप अभियान जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक निर्धारित कैलेंडर के अनुसार संचालित हो रहा है। 15 अक्टूबर को भीम चूल्हा और 16 अक्टूबर को डालटनगंज विधानसभा के विभिन्न गांवों में चौपाल लगाकर मतदाताओं को जागरूक किया गया। इसके साथ ही मजदूर वर्ग के बीच भी जागरूकता अभियान चलाया गया।
महिलाओं की भागीदारी: मेहंदी और रंगोली के जरिए जागरूकता
महिलाएं भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाएं अपने हाथों में 13 नवंबर को मतदान से संबंधित मेहंदी लगाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। साथ ही ग्रामसभा के माध्यम से चुनाव चर्चा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को सतबरवा के मलय डैम में जल क्रीड़ा के माध्यम से भी मतदाताओं को प्रेरित करने की योजना बनाई गई है।
About The Author
