शिवराज सिंह चौहान बने झारखंड के चुनाव प्रभारी, भाजपा ने किया बड़े चुनावी रणनीति का ऐलान
झारखंड {राँची}। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज करते हुए सोमवार, 17 जून को एक बड़ा फैसला लिया। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को झारखंड का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ भाजपा के फायरब्रांड नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को सह-प्रभारी बनाया गया है। इस महत्वपूर्ण घोषणा की जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दी। अरुण सिंह ने संगठनात्मक नियुक्ति से संबंधित एक विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्रदेश चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है।
2024 में झारखंड समेत 4 राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव
भाजपा ने झारखंड के साथ-साथ महाराष्ट्र, हरियाणा, और जम्मू-कश्मीर के लिए भी चुनाव प्रभारियों की घोषणा की है। महाराष्ट्र के लिए भूपेंद्र यादव को प्रदेश चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि अश्विनी वैष्णव को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। हरियाणा में धर्मेंद्र प्रधान को चुनाव प्रभारी और पूर्व मंत्री व सांसद बिप्लव कुमार देब को सह-प्रभारी बनाया गया है। जम्मू एवं कश्मीर के लिए केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।
झारखंड में नवंबर-दिसंबर में संभावित विधानसभा चुनाव
झारखंड विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में नवंबर-दिसंबर में होने की संभावना है। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को झारखंड में अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। पार्टी को सिर्फ 8 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था, जबकि 2014 और 2019 में भाजपा ने 11-11 सीटें जीती थीं। विशेष रूप से आदिवासी बहुल सीटों पर पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ था। इस परिप्रेक्ष्य में, भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारी को प्राथमिकता देते हुए इस बार मजबूत रणनीति अपनाने का निर्णय लिया है। भाजपा का यह निर्णय यह संकेत देता है कि पार्टी झारखंड में अपने प्रदर्शन को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए उसने अपने दिग्गज नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। चुनावी अभियान की दिशा और दशा तय करने में शिवराज सिंह चौहान और हिमंत बिस्वा सरमा की भूमिका अहम होगी।
About The Author
