कोरोना संक्रमण कम होते ही पटना एयरपोर्ट पर बढ़ी विमानों की आवाजाही
पटना। कोरोना संक्रमण का प्रभाव जैसे-जैसे घटने लगा है, लोग हवाई यात्रा करने में दिलचस्पी लेने लगे हैं। नतीजा यह है कि अब जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहले से कहीं अधिक विमानों की लैंडिंग शुरू हो गई है। शीघ्र ही एयरपोर्ट पर पहले की तरह भीड़ लगने की संभावना जताई जा रही है। पहले जहां कोरोना संक्रमण के शुरू होते ही दूसरे शहरों से भारी संख्या में यात्री घर लौटने लगे थे। जैसे-जैसे संक्रमण बढ़ते गया और लॉकडाउन को सख्त किया जाने लगा तो लोग अपने घरों में ही सिमट कर रहने लगे। लॉकडाउन के दौरान पर्व-त्योहार ही नहीं लगन-शादी समारोह सब स्थगित किया जाने लगा, जिसके कारण यात्रियों का फ्लो काफी कम हो गया। विमानों में यात्री नहीं सवार होने लगे जिससे आधे से अधिक संख्या में फ्लाइट रद होने लगे। कोरोना संक्रमण के शुरू होने के बाद भी इस साल अप्रैल माह के शुरू में जहां प्रतिदिन 10 से 11 हजार यात्री एयरपोर्ट से आ-जा रहे थे वहीं इनकी संख्या सिमट कर 2842 तक जा गिरा था। इस वर्ष 4 अप्रैल को जारी शिड्यूल में जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 96 विमानों को रखा गया था। मई माह में तो यहां से प्रतिदिन 30 से 40 विमान ही मुश्किल से उड़ान भर रहे थे। कोरोना संक्रमण के कम होते ही अब पटना एयरपोर्ट से 62 विमान उड़ान भरने लगे हैं और 6593 यात्री इससे यात्रा करने लगे हैं।
About The Author
