औरंगाबाद में स्कूल वैन नहर में गिरी, 13 बच्चे घायल; 3 की हालत गंभीर, चालक फरार
औरंगाबाद। जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर तामसी मोड़ के समीप स्कूली बच्चों से भरी एक मैजिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट नीचे नहर में जा गिरी। दुर्घटना में 13 बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस, अभिभावक और विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे।
स्कूल पहुंचने से पहले हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार अंबा स्थित संत जेवियर हाई स्कूल की मैजिक वैन कुटुंबा, लखना, महुआ धाम और मीरपुर गांव से बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। तामसी मोड़ के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन सड़क किनारे रेलिंग के पास से फिसलते हुए नहर में पलट गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा थी। दुर्घटना के बाद वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा उसके शीशे टूट गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे।
तीन बच्चों की हालत गंभीर
हादसे में घायल बच्चों में आरबी प्रताप (5), हर्ष कुमार और मौली कुमारी की हालत गंभीर बताई गई है। तीनों को बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायल बच्चों का उपचार कुटुंबा रेफरल अस्पताल में किया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश बच्चों को घर भेज दिया गया। घायलों में साक्षी कुमारी, आदित्य राज, अमी कुमारी, लकी राज सैनिक, सुगंध आर्यन, सृष्टि कुमारी, आयुष कुमार, अक्षय कुमार, वैभव गौरव, आबिद राजा और अमित कुमार सहित अन्य बच्चे शामिल हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, चालक की तलाश जारी
कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। फरार चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधि राहुल कुमार ने बताया कि चालक ने फोन पर जानकारी दी कि सामने से आ रहे दूसरे वाहन के कारण वैन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने दावा किया कि सभी बच्चे अब खतरे से बाहर हैं।
स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन बच्चों के परिवहन के लिए पुराने और जर्जर वाहनों का उपयोग करता है तथा एक वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है। उनका कहना है कि इससे पहले भी स्कूल वाहनों से जुड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
About The Author
