औरंगाबाद में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 37 एजेंसियों से प्रतिदिन 6843 सिलेंडर की डिलीवरी

औरंगाबाद में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 37 एजेंसियों से प्रतिदिन 6843 सिलेंडर की डिलीवरी

औरंगाबाद। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है और लंबित बुकिंग का निष्पादन भी लगातार किया जा रहा है।

दैनिक मांग और आपूर्ति का आंकड़ा

जिले में कुल 37 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 8689 सिलेंडर की मांग के विरुद्ध लगभग 6843 सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि आपूर्ति श्रृंखला को संतुलित रखते हुए मांग के अनुरूप वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

समय पर आपूर्ति और पारदर्शिता के निर्देश

जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराएं, लंबित बुकिंग का शीघ्र निष्पादन करें तथा वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखें। साथ ही कृत्रिम कमी उत्पन्न नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया है।

प्रखंड स्तर पर निगरानी तेज

संबंधित प्रखंडों के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया है।

नियंत्रण कक्ष सक्रिय, शिकायतों का निष्पादन जारी

जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06186-295027 क्रियाशील है। यहां प्राप्त 15 शिकायतों में से 13 का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि 02 शिकायतें प्रक्रियाधीन हैं।

संवेदनशील एजेंसियों पर पुलिस तैनात

जिले की कुल 37 गैस एजेंसियों में से 06 संवेदनशील एजेंसियों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

कालाबाजारी पर कड़ी नजर

कालाबाजारी एवं जमाखोरी की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। औचक निरीक्षण भी किए जा रहे हैं, हालांकि अब तक इस संबंध में कोई वाद दर्ज नहीं किया गया है।

आमजन से अपील

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गैस से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित गैस एजेंसी या जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Views: 19
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts