औरंगाबाद: तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से युवक की मौत
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के रिसियप थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़सा-सड़सी गांव के बीच रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शौच के लिए घर से निकले आशीष कुमार (25 वर्ष) सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें रौंद डाला। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक पूर्व वार्ड सदस्य कैलाश राम का पुत्र था।
हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। गुस्साए ग्रामीणों व परिजनों ने एनएच 139 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को संभालने के लिए रिसियप थानाध्यक्ष निशा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सौंप दिया।
इधर, हादसे की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के घर के बाहर भारी संख्या में लोग जुट गए। बताया गया कि आशीष कुमार पेशे से ट्रक चालक था और ओडिशा में काम करता था। रक्षाबंधन पर ही वह घर लौटा था। दो भाइयों में वह बड़ा था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य भी। लगभग दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसकी एक साल की बेटी है। हाल के दिनों में पत्नी से विवाद के कारण वह मायके में रह रही थी। आशीष की असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
About The Author
