लॉर्ड बुद्धा, डीएवी, बीएल इंडो, अंबिका, महेश एकेडमी समेत 9 निजी स्कूलों की जांच शुरू, फीस वसूली पर डीएम सख्त

लॉर्ड बुद्धा, डीएवी, बीएल इंडो, अंबिका, महेश एकेडमी समेत 9 निजी स्कूलों की जांच शुरू, फीस वसूली पर डीएम सख्त

औरंगाबाद। जिले में निजी स्कूलों द्वारा री-एडमिशन फीस, वार्षिक शुल्क और महंगी किताब-यूनिफॉर्म के नाम पर अभिभावकों से की जा रही मनमानी वसूली के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकन के दौरान मिल रही गंभीर शिकायतों के बाद जिला पदाधिकारी ने जांच दल का गठन कर दिया है और संबंधित स्कूलों की जांच शुरू कर दी गई है।
 
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कई अभिभावकों ने शिकायत की है कि निजी विद्यालय नियमों के विरुद्ध पुनः नामांकन शुल्क ले रहे हैं। इसके साथ ही वार्षिक शुल्क और अन्य अनावश्यक शुल्क भी वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, अभिभावकों को तय दुकानों से ही अधिक कीमत पर किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है, जिससे उनका आर्थिक शोषण हो रहा है।
 
इन शिकायतों के आधार पर गठित जांच दल ने 24 अप्रैल को जिन विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण किया, उनमें लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल (जसोईया), बी.एल. इंडो अम्बिका पब्लिक स्कूल (कर्मा रोड), अम्बिका पब्लिक स्कूल (कर्मा रोड), महेश एकेडमी (एम.जी. रोड), सरस्वती शिशु मंदिर, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल (दानी बिगहा एवं मुख्य शाखा), लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल (कर्मा रोड), बिरला ओपन माइंड (बराटपुर) और नरायणा मिशन स्कूल (नागा बिगहा) शामिल हैं। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य स्कूलों की भी जांच की जाएगी।
 
जांच के दौरान अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन से फीस संरचना, किताबों और यूनिफॉर्म की बिक्री व्यवस्था समेत विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली। साथ ही अभिभावकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को भी दर्ज किया गया। जिला पदाधिकारी ने जांच दल को निर्देश दिया है कि वे सभी तथ्यों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र सौंपें।
 
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि यदि किसी भी विद्यालय में अनियमितता या अभिभावकों के शोषण की पुष्टि होती है, तो संबंधित स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना, मान्यता पर कार्रवाई या अन्य प्रशासनिक कदम शामिल हो सकते हैं।
Views: 37
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND