औरंगाबाद में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिलाओं समेत 13 लोग घायल

घेराबंदी को लेकर शुरू हुआ विवाद, गांव में मचा हड़कंप

औरंगाबाद में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिलाओं समेत 13 लोग घायल

औरंगाबाद। मदनपुर थाना क्षेत्र के गोंगरा गांव में रविवार को जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों ओर से लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चलने लगे। मारपीट की इस घटना में महिलाओं समेत 13 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। घायलों को आनन-फानन में मदनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

महिलाओं समेत कई लोग घायल

घायलों में धर्मवती देवी, उपेंद्र कुमार, भरत मेहता, स्वाती कुमारी, मंजू कुमारी, रामशीला देवी, प्रभात कुमार रंजन, मुकेश मेहता, रामचंद्र मेहता, रंजन कुमार राज, रीना कुमारी, पवन मेहता और धीरज कुमार शामिल हैं। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।

जमीन और रास्ते को लेकर बढ़ा विवाद

एक पक्ष के मुकेश मेहता ने आरोप लगाया कि विवादित जमीन उनके पूर्वजों की है। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष के लोग उस जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य कर रहे हैं। जब जमीन की घेराबंदी की जा रही थी, उसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के धीरज कुमार का कहना है कि विवादित जमीन से उनके घर तक आने-जाने का रास्ता है। रास्ता बंद किए जाने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

पुलिस पहुंची, दोनों पक्षों से लिया आवेदन

घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एसआई रोहित कुमार ने दोनों पक्षों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार दोनों ओर से लिखित शिकायत दी गई है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस नजर बनाए हुए है।

Views: 31
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND