भारत अवसरों की धरती, तकनीक और मानवता से आगे बढ़ रहा देश : प्रधानमंत्री मोदी
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत को अवसरों की धरती बताते हुए कहा कि देश तकनीक और मानवता, दोनों की ताकत से लगातार आगे बढ़ रहा है। नीदरलैंड के द हेग में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के इस दौर में भारत नवाचार, आर्थिक विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की एक महत्वपूर्ण शक्ति बनकर उभर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत अवसरों की धरती है, जो तकनीक और मानवता दोनों से प्रेरित है।” उन्होंने कोविड-19 महामारी और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जारी संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा दशक दुनिया के लिए चुनौतियों का दशक बनता जा रहा है। ऐसे समय में वैश्विक स्तर पर मजबूत साझेदारी और बेहतर समन्वय की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि भारत और Netherlands ऊर्जा सुरक्षा और जल सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में लगातार सहयोग बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों देश वैश्विक परियोजनाओं और विकास कार्यों में मिलकर और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
यूरोप के साथ भारत की बढ़ती आर्थिक साझेदारी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे दोनों पक्षों के संबंध और मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि नीदरलैंड यूरोप में विस्तार करने की इच्छा रखने वाले भारतीय व्यवसायों के लिए एक स्वाभाविक प्रवेश द्वार साबित हो सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय प्रवासी समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि यह समुदाय भारत और नीदरलैंड के बीच भरोसेमंद सेतु का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत करने और आर्थिक सहयोग बढ़ाने में अहम योगदान दे रहा है।
उत्साहित भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वहां मिले प्यार और उत्साह ने उन्हें भारत के किसी उत्सव का एहसास कराया। उन्होंने कहा, “इतना प्यार और उत्साह देखकर मैं कुछ पल के लिए भूल गया कि मैं नीदरलैंड में हूं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि द हेग अब भारत-नीदरलैंड मित्रता का जीवंत प्रतीक बन चुका है।
About The Author
