ओबरा से लापता मासूम अद्विक गया से सकुशल बरामद, बच्चा चोर गिरोह का खुलासा
औरंगाबाद। ओबरा थाना क्षेत्र स्थित देवी मंदिर परिसर से शनिवार को लापता हुए चार वर्षीय मासूम अद्विक कुमार को पुलिस ने गया जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाले एक गिरोह का भी भंडाफोड़ किया है।
जानकारी के अनुसार मासूम अद्विक शनिवार को रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया था। बच्चे के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई।
सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर गया में कार्रवाई करते हुए अद्विक कुमार को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस दौरान पुलिस ने चार अन्य बच्चों को भी बरामद किया है, जिन्हें कथित रूप से बच्चा चोर गिरोह अपने कब्जे में रखे हुए था। मासूम के सुरक्षित मिलने की खबर मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। परिवार के लोगों ने पुलिस की तत्परता और कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ है और बच्चों को कहां ले जाने की योजना थी।
About The Author
