औरंगाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप

औरंगाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप

औरंगाबाद। जिले के फेसर थाना क्षेत्र स्थित कांस देवरिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतका की पहचान कांस देवरिया गांव निवासी सुनील राम की पत्नी अंजू कुमारी (30) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप

मृतका के भाई पप्पू कुमार, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खरकनी गांव के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी बहन अंजू की शादी वर्ष 2019 में सुनील राम के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि बहनोई सुनील शराब पीकर अक्सर अंजू के साथ मारपीट करता था। पप्पू कुमार ने बताया कि कई बार दोनों परिवारों के बीच पंचायत और समझौता भी कराया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। परिवार वालों को हमेशा आशंका बनी रहती थी कि अंजू के साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है।

पहले करंट से मौत की दी सूचना, फिर बदली कहानी

परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि अंजू की मौत बिजली का करंट लगने से हो गई है। खबर मिलते ही परिवार के लोग ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां न तो अंजू मौजूद थी और न ही उसका शव। पूछताछ करने पर ससुराल वालों ने बताया कि उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। करीब दो घंटे बाद शव को घर लाया गया। शव देखने के बाद मायके वालों को मामला संदिग्ध लगा। परिजनों का कहना है कि मृतका का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था, लेकिन शरीर के अन्य हिस्सों पर ट्रेन से कटने जैसी गंभीर चोट के निशान नहीं थे। इसी आधार पर उन्होंने हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने की आशंका जताई है।

बेटे के बयान का भी हवाला

मृतका के भाई ने दावा किया कि अंजू के आठ वर्षीय पुत्र सूरज ने परिवार वालों को बताया कि उसकी मां की हत्या उसके पिता और अन्य लोगों ने मिलकर की है। बच्चे के इस कथन के बाद मायके पक्ष का शक और गहरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मायके वालों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस को मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराना पड़ा।

पति समेत कुछ लोग हिरासत में

फेसर थानाध्यक्ष वर्षा कुमारी ने बताया कि मामले में पति समेत कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतका के मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ससुराल पक्ष का दावा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद अंजू ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पूरे मामले की सच्चाई पता लगाने में जुटी हुई है।

Views: 26
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND