औरंगाबाद में बंद घर से 90 लाख की बड़ी चोरी, ताला तोड़कर जेवर–नकदी ले उड़े चोर

औरंगाबाद में बंद घर से 90 लाख की बड़ी चोरी, ताला तोड़कर जेवर–नकदी ले उड़े चोर

औरंगाबाद। जिले के अंबा मुख्य चौक के पास एक बंद मकान में घुसकर चोरों ने करीब 90 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पूर्व उप प्रमुख गीता देवी के घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, गीता देवी और उनके पति वीरेंद्र सिंह 13 अप्रैल को घर में ताला बंद कर पटना अपने बेटे से मिलने गए थे। करीब नौ दिनों तक मकान बंद रहा। 22 अप्रैल की देर रात जब वे लौटे तो घर के पीछे वाले गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो एक कमरे का ताला भी टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था।

चोरों ने अलमारी को निशाना बनाते हुए उसमें रखे लगभग 70 से 80 लाख रुपये के सोने के आभूषण और करीब 12 लाख रुपये नकद उड़ा लिए। पीड़ितों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अंबा थाना के प्रभारी राहुल राज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने वीरेंद्र सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।

पीड़ित के अनुसार, चोरों ने ताला काटने के लिए कटर मशीन का इस्तेमाल किया, जिससे साफ होता है कि घटना को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। हालांकि चोरी किस दिन हुई, इसका सटीक समय अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना स्थल अंबा मुख्य चौक के पास है, जहां दिन-रात लोगों की आवाजाही बनी रहती है और पुलिस गश्ती भी होती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी होना स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का कारण बन गया है। लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

 
 
Views: 19
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND