हजारीबाग में दर्दनाक हादसा: गया के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, ट्रक की टक्कर के बाद खाई में गिरी कार

हजारीबाग में दर्दनाक हादसा: गया के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, ट्रक की टक्कर के बाद खाई में गिरी कार

गया/हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत दनुआ घाटी में शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया। गया जिले के आमस प्रखंड निवासी एक ही परिवार के छह लोगों की कार खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, शिव कुमार मांझी अपने परिवार के साथ धनबाद से अपने पैतृक गांव तेतरिया लौट रहे थे।

शाम करीब 6 बजे दनुआ जंगल-घाटी के घुमावदार रास्ते पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में जिन लोगों की जान गई, उनमें शिवकुमार मांझी (43), पत्नी रूबी कुमारी (35), बेटियां सोनी (12) और सुहानी (10), ससुर कृत मांझी (60), पोता प्रेम कुमार (10) शामिल हैं। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार गुरुआ थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव में अपनी रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। लेकिन इससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। आमस प्रखंड के तेतरिया और मसूरी गांव में घटना के बाद कोहराम मच गया है।

इस हादसे में शिवकुमार मांझी का 16 वर्षीय बेटा रंजीत कुमार बच गया, क्योंकि वह धनबाद में ही रह गया था। उसे अभी तक इस घटना की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। परिजनों का कहना है कि जब उसे सच्चाई पता चलेगी, तो वह यह सदमा कैसे झेल पाएगा, यह सोचकर ही सभी विचलित हैं। मृतक की मां बुधनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। परिजनों के अनुसार, उन्होंने बेटे के घर आने की उम्मीद में खाना भी तैयार किया था, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की खबर पहुंच गई।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम हजारीबाग में कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें गांव लाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Views: 19
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND