पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, सीवान के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, सीवान के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार के सीवान जिले के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

घटना कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 238 माइलस्टोन के पास दोपहर करीब तीन बजे हुई। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े राजस्थान नंबर के ट्रेलर में कार पीछे से घुस गई।

हादसे में मनीष कुमार श्रीवास्तव (43), उनकी पत्नी कंचन देवी (40), पुत्री आस्था कुमारी (16) और अदिति (11) की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य शव की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। सभी मृतक बिहार के सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र स्थित ग्यासपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार परिवार सीवान में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आया था और वहां से वापस हरियाणा के फरीदाबाद लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

सूचना मिलते ही थाना कंधरापुर पुलिस, सीओ सिटी, डायल-112 टीम, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार को ट्रेलर के नीचे से निकलवाया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसका अगला हिस्सा, छत और अंदर का केबिन पूरी तरह पिचक गया था।

मौके से पुलिस को मनीष श्रीवास्तव के नाम का पहचान पत्र मिला, जिसमें एक पता हरियाणा के फरीदाबाद और दूसरा बिहार के सीवान जिले का दर्ज था। पुलिस ने फरीदाबाद स्थित पते पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वहां घर बंद मिला। इसके बाद आजमगढ़ पुलिस ने मृतकों की पहचान और परिजनों से संपर्क के लिए सीवान पुलिस से भी संपर्क साधा है।

एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी शवों को एम्बुलेंस से मोर्चरी भेजा गया। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है तथा मामले की जांच जारी है।

Views: 13
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND