मदनपुर: कोचिंग जा रहे किशोर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
औरंगाबाद। मदनपुर में एक तेज़ रफ्तार कार की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मदनपुर थाना क्षेत्र के घोरहत मोड़ के पास हुआ। मृतक की पहचान घोरहत गांव निवासी प्रमोद राम के बेटे प्रिंस कुमार के रूप में हुई है, जो गुरुवार की सुबह पैदल कोचिंग जा रहा था। हादसे में कार ने प्रिंस को बुरी तरह से रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पलट गई, लेकिन कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रिंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मातम का माहौल
प्रिंस की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के दौरान परिजन अस्पताल में शव से लिपटकर विलाप करते रहे। प्रिंस तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, और उसके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं। मां रिशु देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए, और एक अन्य घायल युवक को भी अस्पताल पहुंचाया गया, जिसकी इलाज निजी अस्पताल में चल रही है। कार को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने पुष्टि की कि हादसे में एक किशोर की मौत हुई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
About The Author
