प्रमोद सिंह ने की 'संकल्प यात्रा' की शुरुआत, मिशन 2025 की तैयारी तेज
रफीगंज। अगामी विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी में जुटे प्रमोद सिंह ने अपने क्षेत्र में 'संकल्प यात्रा' का शुभारंभ किया है। इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक से संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को सुनना और उन्हें भविष्य की योजनाओं का आश्वासन देना है। प्रमोद सिंह का मानना है कि जनसंवाद के माध्यम से ही जनता के विश्वास और समर्थन को हासिल किया जा सकता है। 'संकल्प यात्रा' की शुरुआत भेटनिया पंचायत से हुई, जहां प्रमोद सिंह का भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद उन्होंने मंझौली, सईरा और आझो जैसे कई प्रमुख गाँवों का दौरा किया। हर स्थान पर स्थानीय लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया और आगामी चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं। यात्रा के दौरान उन्होंने जनता से संवाद करते हुए बताया कि मिशन 2025 के तहत उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना है। प्रमोद सिंह ने इस अवसर पर कहा, "यह यात्रा केवल चुनाव प्रचार नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की समस्याओं को समझने और जनता के आशीर्वाद को प्राप्त करने का अवसर भी है। हम अपने क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और जनता के विश्वास को बनाए रखेंगे।" उन्होंने आश्वासन दिया कि मिशन 2025 के तहत क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रमोद सिंह का कहना है कि बिना जनता के आशीर्वाद और सहयोग के किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करना संभव नहीं है। इसी सोच के साथ उन्होंने संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया है, जिसमें वे प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को समझने और उन्हें हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
About The Author
