औरंगाबाद: खेलते समय 8 साल का बच्चा गड्ढे में गिरा, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बचाया गया
दाउदनगर। औरंगाबाद जिले के दाउदनगर में रविवार को 8 साल का बच्चा खेलते समय निर्माणाधीन मकान के गड्ढे में गिर गया। यह घटना माली टोला की है, जहां अरवल जिले के नगवां गांव निवासी जयप्रकाश प्रसाद गुप्ता का बेटा करन गुप्ता अपनी बहन मुन्नी और अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक करन का पैर फिसल गया और वह 5 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। बहन मुन्नी ने तुरंत घरवालों को इस हादसे की जानकारी दी। बच्चे के गड्ढे में गिरने की खबर सुनकर परिजन घबरा गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर इलाके के लोग भी मौके पर जुट गए। स्थानीय वार्ड पार्षद बसंत मालाकार को भी सूचना दी गई, जिसके बाद मकान निर्माण में लगे मजदूरों ने बचाव कार्य शुरू किया। बच्चे को गड्ढे से सुरक्षित निकालने के लिए मजदूरों और स्थानीय लोगों ने गड्ढे के पास एक और गड्ढा खोदा। कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। बचाव के तुरंत बाद करन को एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह अब खतरे से बाहर है। पिता जयप्रकाश प्रसाद गुप्ता, जो दाउदनगर में फेरी का काम करते हैं, ने बताया कि उन्होंने इसी मोहल्ले में जमीन खरीदकर मकान बनवाना शुरू किया है। जिस गड्ढे में करन गिरा, वह उनके पड़ोसी आलोक कुमार के मकान के पिलर के लिए खोदा गया था।
About The Author
