महाकुंभ से लौट रहे परिवार की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, छह लोगों की गई जान

महाकुंभ से लौट रहे परिवार की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, छह लोगों की गई जान

भोजपुर। जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य (पति, पत्नी, बेटा और भतीजी) शामिल हैं। यह हादसा आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर दुल्हनगंज बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ, जब कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि उड़े कार के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार का एक पहिया तक 20 फीट दूर जाकर गिरा। दुर्घटना के बाद सभी शव कार में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

परिवार महाकुंभ स्नान के बाद लौट रहा था

मृतकों के परिजनों ने बताया कि सभी लोग पटना के रहने वाले थे और प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे। कार मृतक संजय कुमार का बेटा लाल बाबू सिंह (25) चला रहा था। लंबी यात्रा की थकान के कारण उसे झपकी आ गई और कार खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

हादसे में चार महिलाएं और दो पुरुषों की मौत हुई। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:

  1. संजय कुमार (62) – जक्कनपुर, पटना
  2. करुणा देवी (58) – पत्नी संजय कुमार
  3. लाल बाबू सिंह (25) – संजय कुमार का बेटा (ड्राइवर)
  4. प्रियम कुमारी (20) – संजय कुमार की भतीजी
  5. आशा किरण (28) – निवासी कुम्हरार, पटना
  6. जूही रानी (25) – निवासी कुम्हरार, पटना
 सीट बेल्ट काटकर निकाले गए शव

घटना की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। SI आफताब खां ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और कार को ट्रक से अलग करने के लिए क्रेन मंगवानी पड़ी। हालांकि, सभी की मौत पहले ही हो चुकी थी। कार के दो एयरबैग खुले थे, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि किसी की जान नहीं बच सकी।

दो गाड़ियों से गए थे 13 लोग, एक कार का सफर बना काल

मृतक संजय कुमार के भाई कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि 19 फरवरी को परिवार के 13 लोग प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए निकले थे। छह लोग बलेनो कार में थे, जबकि सात लोग स्कॉर्पियो में सफर कर रहे थे।
सफर के दौरान लाल बाबू को झपकी आने की शिकायत हुई थी, लेकिन घर लौटने की जल्दबाजी में उसने कार ड्राइव करने का फैसला किया, जो जानलेवा साबित हुआ।

परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

इस भीषण सड़क हादसे की खबर मिलते ही पटना स्थित मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। संजय कुमार के घर पर मातम पसरा हुआ है। उनके रिश्तेदारों और पड़ोसियों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, भोजपुर के दुल्हनगंज बाजार में भी यह हादसा चर्चा का विषय बना हुआ है।

Views: 11
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND