हाजीपुर में HDFC बैंक से 1 करोड़ 19 लाख रुपये की लूट

हाजीपुर में HDFC बैंक से 1 करोड़ 19 लाख रुपये की लूट

हाथ सैनिटाइज कर बोरे में भर ले गए पैसे

वैशाली। बिहार के वैशाली में बड़ी वारदात हुई है। हाजीपुर के जढुआ में एचडीएफसी बैंक की शाखा से गुरुवार की सुबह एक करोड़ 19 लाख रुपये की लूट हो गई। बाइक से आए आठ से दस अपराधियों ने  चार मिनट के अंदर वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए बोरे में पैसा भरकर चलते बने। सूचना मिलने पर हाजीपुर सदर के एसडीपीओ राघव दयाल समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस घटनास्थल पर पहुंंच गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है। बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह हाजीपुर के जढुआ में एचडीएफसी बैंक की शाखा खुलते ही नकाबपोश आठ से दस की संख्या में अपराधी पहुंच गए। बदमाश जब बैंक के अंदर घुसे तो गार्ड ने उनका हाथ सैनिटाइज कराया। हाथ सैनिटाइज करने के बाद बदमाश ने कमर से पिस्टल निकाली और ग्राहक और बैंक कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान चार मिनट के अंदर बैंक से करीब एक करोड़ 19 लाख रुपये लूट लिए। जानकारी के अनुसार अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए बोरे में पैसा भरकर फरार हो गए। घटना के बाद बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी फुंटेज को खंगाली।


सफेद बोरे में भर ले गए पैसे

सीसीटीवी फुटेज में आठ से दस अपराधी लूट के बाद बैंक से निकलते दिख रहे हैं। वहीं एक बदमाश सफेद बोरी में पैसे लेकर बैंक से बाहर निकल रहा है। वारदात के बाद जिले के सभी थाने की नाकाबंदी कर पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू कर दी है। बता दें कि चार महीने पहले हाजीपुर महनार मुख्य मार्ग पर ही बाइक सवार आधा दर्जन अपराधियों ने एक्सिस बैंक की शाखा से करीब 43 लाख रुपये लूट लिए थे। आज जहां लूट की घटना हुई है उससे महज तीन किलोमीटर की दूरी पर एक्सिस बैंक में लूट की घटना हुई थी। गुरुवार की वारदात के बाद अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लुटेरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

 

Views: 8
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts