पटना कलेक्ट्रेट घाट पर बड़ा हादसा, वॉलीबॉल खेलते समय 8 युवक डूबे, 4 की मौत, 1 लापता
पटना। पटना के कलेक्ट्रेट घाट पर बुधवार को गंगा में वॉलीबॉल खेलते समय बड़ा हादसा हो गया। एक नाबालिग समेत 8 युवक नदी में डूब गए, जिनमें से 4 की मौत हो गई। नाविकों ने 3 को बचा लिया, जबकि 13 वर्षीय रेहान अभी भी लापता है। उसकी तलाश में आज भी SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। मृतकों की पहचान विशाल, रजनीश, अभिषेक और गोविंद के रूप में हुई है। ये सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और पटना कॉलेज के पास यादव लेन स्थित कृष्णा निवास लॉज में रहते थे। बुधवार को ये दोस्त गंगा किनारे नहाने गए थे और टिन के डिब्बे से वॉलीबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के वक्त किनारे खड़े गोलू ने बताया कि पहले एक युवक डूबने लगा, उसे बचाने के लिए बाकी दोस्त आगे बढ़े और धीरे-धीरे सभी बहाव में फंस गए। कुछ ही मिनटों में यह हादसा हो गया। गोलू ने नाविकों को मदद के लिए पुकारा, जिन्होंने बांस फेंककर 3 युवकों को बचा लिया, लेकिन बाकी डूब गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन और चश्मदीदों के बयान
घटना की सूचना मिलते ही SDRF और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। करीब 7 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अभिषेक और रजनीश की डेड बॉडी को निकाला गया। देर शाम विशाल और गोविंद का शव बरामद हुआ। पटना के सचिन, विशाल, अभिषेक और रजनीश के अलावा गोविंद, रेहान और नितिन भी नहाने के लिए गंगा में उतरे थे। इनमें से गोविंद की भी डूबने से मौत हो गई। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी सुधांशु ने बताया कि घटना महज 10-15 मिनट के अंदर हो गई। आज भी SDRF और गोताखोरों की टीम लापता रेहान की तलाश में जुटी हुई है। घटना से इलाके में शोक की लहर है।
About The Author
