हिना शहाब और ओसामा शहाब ने थामा RJD का हाथ,लालू यादव ने दिलाई सदस्यता
पटना। रविवार को बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब और उनके बेटे मोहम्मद ओसामा शहाब ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का दामन थाम लिया। पटना स्थित लालू प्रसाद यादव के 10 सर्कुलर रोड आवास पर आयोजित एक समारोह में ओसामा शहाब को राजद की सदस्यता दिलाई गई। इस अवसर पर हिना शहाब भी उपस्थित थीं। राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने ओसामा का पार्टी में स्वागत किया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मौके पर कहा कि बिहार में साम्प्रदायिक ताकतों का विरोध करते हुए शांति बनाए रखने के लिए राजद को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने आगामी चुनाव में बेरोजगारी को मुख्य मुद्दा बताया और कहा कि ओसामा को चुनाव लड़ने के अवसर पर विचार किया जाएगा।
शहाबुद्दीन परिवार का राजद से जुड़ाव
मोहम्मद शहाबुद्दीन का सीवान और राजद से पुराना संबंध रहा है। ओसामा के पिता शहाबुद्दीन राजद के टिकट पर सीवान से सांसद रहे हैं और उनकी मां हिना शहाब भी सीवान से लोकसभा का चुनाव लड़ चुकी हैं। राजनीतिक हलकों में लंबे समय से ओसामा के राजनीति में सक्रिय होने की अटकलें थीं, जो इस सदस्यता के साथ पूरी हो गईं। राजद में हिना और ओसामा के आने से सीवान में पार्टी की स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। राजद के इस नए कदम को आगामी चुनावों में अपनी पकड़ मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
About The Author
