आशा और ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि बढ़ी, स्वास्थ्य मंत्री ने बताया ऐतिहासिक फैसला
पटना। बिहार सरकार ने राज्य की आशा और ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी कर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस फैसले की सराहना करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया और कहा कि यह कदम महिलाओं के लिए एक बड़ा तोहफा है। स्वास्थ्य मंत्री ने आज कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार लगातार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही है। आशा कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय अब ₹1000 से बढ़ाकर ₹3000 कर दिया गया है। वहीं, ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव मिलने वाली राशि ₹300 से बढ़ाकर ₹600 कर दी गई है।
मंगल पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय न केवल आशा और ममता कार्यकर्ताओं के परिश्रम और योगदान को सम्मान देने का कार्य है, बल्कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि श्री कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार का स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रगति कर रहा है और इस फैसले से हजारों महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिलेगा।
About The Author
