पटना: राजद का ऐलान, 1 अक्तूबर से चलाएंगे स्मार्ट मीटर के खिलाफ अभियान

पटना: राजद का ऐलान, 1 अक्तूबर से चलाएंगे स्मार्ट मीटर के खिलाफ अभियान

पटना। बिहार में स्मार्ट मीटर के खिलाफ राजद ने 1 अक्तूबर से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा कर दी है। बुधवार को राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और पार्टी प्रवक्ता शक्ति यादव ने इस अभियान का ऐलान किया। उन्होंने नीतीश सरकार पर बिजली उपभोक्ताओं से लूट मचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर से आम जनता परेशान है और यह एक सुनियोजित लूट है। उन्होंने इसे जनविरोधी कदम बताते हुए 1 अक्तूबर से आंदोलन छेड़ने की बात कही।

32 लाख स्मार्ट मीटर का सवाल

जगदानंद सिंह ने बताया कि बिहार में 32 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जो देशभर में किसी भी राज्य की तुलना में सबसे अधिक हैं। उन्होंने कहा कि गांव हो या शहर, हर जगह के लोग इन मीटरों से परेशान हैं। राजद का आरोप है कि अन्य राज्यों की तुलना में बिहार में स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतें तेजी से बढ़ रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने विभाग पर करोड़ों रुपये की रिश्वत वसूली का आरोप लगाया, जो सीधे तौर पर आम जनता से ली जा रही है। सरकार ने बिहार में 1 करोड़ 72 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा है, जिससे जनता की परेशानियां और बढ़ने की आशंका है।

‘स्मार्ट मीटर हटाओ’ आंदोलन की घोषणा

जगदानंद सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने का उद्देश्य एक ही स्थान से बिजली की रीडिंग लेना था, लेकिन यह 30 से 40 प्रतिशत तक अधिक रीडिंग दिखा रहा है, जिससे लोगों को भारी भरकम बिल मिल रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए राजद ने ‘स्मार्ट मीटर हटाओ’ आंदोलन पूरे राज्य में चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने तेजस्वी यादव के वादे को दोहराते हुए कहा कि अगर राजद की सरकार बिहार में बनी, तो 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। साथ ही, नीतीश सरकार को चेतावनी दी कि अगर स्मार्ट मीटर नहीं हटाए गए, तो राजद गांव-गांव जाकर विरोध करेगा और स्मार्ट मीटर उखाड़ फेंकने का आंदोलन तेज करेगा।

Views: 1
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND