सीवान : मां-बहन के सामने बेटे की गोली मारकर हत्या

सीवान : मां-बहन के सामने बेटे की गोली मारकर हत्या

सीवान। सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के बरपालिया गांव के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतक युवक की पहचान बरपालिया गांव निवासी देवेन्द्र भगत के 22 वर्षीय बेटे चंदन कुशवाहा के रूप में हुई है। यह घटना उस वक्त घटी जब चंदन अपनी मां रामानंती देवी और बहन निशा कुमारी के साथ गुठनी चौराहा से घर लौट रहे थे।

घटना की भयावहता: मां-बहन के सामने हुई हत्या

परिजनों के अनुसार, जब चंदन और उनके परिवार के सदस्य गांव के पास पहुंचे, तो अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। पहले तो उन्होंने चंदन की बाइक की चाबी निकालने का प्रयास किया, लेकिन जब वह इसमें सफल नहीं हो पाए, तो उन्होंने पिस्टल निकालकर चंदन और उसकी मां पर तान दी। इसके बाद अपराधियों ने चंदन के सिर में पिस्टल सटा कर गोली मार दी। गोली लगते ही चंदन खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने विरोध जताया और सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में सुराग की तलाश

मैरवा एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। हालांकि, मृतक के परिजन हत्या का कोई ठोस कारण नहीं बता पा रहे हैं, जिससे पुलिस को जांच में मुश्किल हो रही है। पुलिस अब इस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सुराग जुटाने में लगी है।

Views: 14
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND