झारखंड ट्रेन हादसा: मालगाड़ी और मुंबई-हावड़ा मेल की टक्कर से 18 डिब्बे पटरी से उतरे, 3 की मौत, 20 घायल

झारखंड ट्रेन हादसा: मालगाड़ी और मुंबई-हावड़ा मेल की टक्कर से 18 डिब्बे पटरी से उतरे, 3 की मौत, 20 घायल

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में एक दुखद हादसा हुआ जब पहले से पटरी से उतरी एक मालगाड़ी से मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन टकरा गई। यह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 3:43 बजे हुई, जिसमें मुंबई-हावड़ा मेल के 18 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में 3 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। हादसा राजखरसवां और बड़ाबाम्बो के बीच हुआ, जब डाउन लाइन पर पहले से डिरेल हुई मालगाड़ी के कोच से मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन टकरा गई। ट्रेन की गति उस समय 120 किमी प्रति घंटे थी, जिसके कारण टक्कर के बाद ट्रेन के डिब्बे पलट गए। इस हादसे के तुरंत बाद रेलवे अधिकारियों और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। चक्रधरपुर रेल मंडल के वरिष्ठ डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि रिलीफ ट्रेन और जिला प्रशासन की एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। रेलवे ने कहा कि घायल यात्रियों को चक्रधरपुर स्थित रेलवे अस्पताल में इलाज के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, रेलवे ने 80% यात्रियों को बसों के माध्यम से सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है, जबकि बाकी यात्रियों को बचाने के लिए एक विशेष बचाव ट्रेन भेजी गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी

दुर्घटना के समय A-1 कोच में यात्रा कर रहे दिलीप अग्रवाल ने बताया कि उन्हें अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी और 3-5 सेकंड में सब कुछ खत्म हो गया। उन्होंने बताया कि कोच में कई यात्री घायल हो गए, जब ट्रेन के डिब्बे पलट गए और खिड़कियों के शीशे टूट गए। पश्चिमी सिंहभूम के डीसी कुलदीप चौधरी ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। मौके पर चिकित्सा टीमों और एंबुलेंस की मौजूदगी ने घायलों को तुरंत उपचार दिलाने में मदद की। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए हैं।इस हादसे के बाद अपलाइन प्रभावित हो गई है, और कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे और जिला प्रशासन इस दुर्घटना की जांच कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों। हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई है ताकि यात्रियों के परिवारजन जानकारी प्राप्त कर सकें।

इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क
  • टाटानगर: 06572290324
  • चक्रधरपुर: 06587 238072
  • राउरकेला: 06612501072, 06612500244
  • हावड़ा: 9433357920, 03326382217
  • रांची: 0651-27-87115.
  • एचडब्ल्यूएच हेल्प डेस्क: 033-26382217, 9433357920
ये ट्रेनें हुई कैंसिल
  • 2861 हावडा-कांटाबाजी एक्सप्रेस
  • 08015/18019 खड़कपुर धनबाद एक्सप्रेस
  • 12021/12022 हावड़ा बारबिल एक्सप्रेस
इन ट्रेनों को किया गया शॉर्ट टर्मिनेट
  • 18114 बिलासपुर टाटा एक्सप्रेस को राउरकेला में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है.
  • 18190 एर्नाकुलम टाटा एक्सप्रेस को चक्रधरपुर में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है
  • 18011 हावड़ा चक्रधरपुर एक्सप्रेस को आगरा में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है
Views: 5
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts