रांची : पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक शुरू, अमित शाह की अध्यक्षता में हो रही है अहम चर्चा

रांची : पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक शुरू, अमित शाह की अध्यक्षता में हो रही है अहम चर्चा

रांची। राजधानी रांची के होटल रेडिसन ब्लू में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक का आज (गुरुवार, 10 जुलाई) भव्य आगाज हुआ। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं। बैठक में पूर्वी भारत के चार प्रमुख राज्यों—झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल—के शीर्ष नेता और प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

इस बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार के मंत्री विजय चौधरी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, ओडिशा की उपमुख्यमंत्री पार्वती परीदा और मंत्री मुकेश महालिंग शामिल हुए हैं। पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य कर रही हैं। बैठक में कुल 68 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

बैठक की शुरुआत में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का गुलदस्ता और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। मुख्य मंच पर अमित शाह के एक ओर हेमंत सोरेन, जबकि दूसरी ओर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी बैठे नजर आए। मंच पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य भी मौजूद रहे।

पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की इस बैठक में कुल 20 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श होना है। इनमें राज्यों के आपसी समन्वय, विकास परियोजनाओं, लंबित मामलों के निपटारे और साझा संसाधनों के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। बैठक से पूर्वी भारत के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

पूर्वी क्षेत्रीय परिषद, पूर्वी भारत के चार राज्यों के बीच समन्वय, विकास और आपसी सहयोग बढ़ाने का प्रमुख मंच है। केंद्रीय गृह मंत्री इसकी अध्यक्षता करते हैं, और बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेते हैं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल ने केंद्र के समक्ष अपने-अपने मुद्दे और विकास की प्राथमिकताएं रखी हैं। बैठक खत्म होने के बाद साझा बयान जारी किया जा सकता है।

Views: 16
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts