कल झारखंड के हजारीबाग आ रहे पीएम मोदी

कल झारखंड के हजारीबाग आ रहे पीएम मोदी

रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अक्टूबर को झारखंड के हजारीबाग का दौरा करेंगे, जहां वह कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नींव रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा झारखंड के विकास और जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण के लिए मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान 83,300 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में आधारभूत संरचना, सड़क निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्य शामिल हैं, जो झारखंड के विकास को गति देंगे। इसके साथ ही, 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' की भी शुरुआत होगी, जिसके अंतर्गत पूरे देश में जनजातीय समुदायों के लिए 79,150 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।

दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम:
  • दोपहर 1.10 बजे: प्रधानमंत्री मोदी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे
  • दोपहर 1.30 बजे: हेलिकॉप्टर से हजारीबाग के लिए प्रस्थान करेंगे
  • दोपहर 1.55 बजे: हजारीबाग के जेपीए हैलीपैड पर लैंड करेंगे
  • दोपहर 2.00 बजे: विनोबा भावे विश्वविद्यालय में सरकारी कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे
  • दोपहर 2.45 बजे: मटवारी में दूसरे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे
  • शाम 5.05 बजे: हेलिकॉप्टर से रांची के लिए प्रस्थान करेंगे
  • शाम 5.30 बजे: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे
  • शाम 5.45 बजे: दिल्ली के लिए रवाना होंगे
एकलव्य मॉडल स्कूलों का शिलान्यास

प्रधानमंत्री 40 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन करेंगे और 25 नए स्कूलों की नींव रखेंगे। इन स्कूलों का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारना और बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं प्रदान करना है। यह अभियान झारखंड सहित देश के कई राज्यों में जनजातीय समुदायों के उत्थान के लिए चलाया जाएगा।

भाजपा की परिवर्तन यात्रा का समापन

प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर राज्य में चल रही भाजपा की परिवर्तन यात्रा का समापन भी करेंगे। यह यात्रा आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है, और इस यात्रा के माध्यम से पार्टी ने झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जनता से संवाद स्थापित किया है।

जनजातीय समुदायों को विशेष सौगात

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान कमजोर जनजातीय समूहों से संवाद करेंगे और उन्हें कई योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे। 'पीएम-जनमन' योजना के तहत 1,360 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जिनमें सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र, बहुउद्देश्यीय केंद्र और छात्रावास जैसी बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा, 3,000 गांवों में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के घरों का विद्युतीकरण भी होगा।

Views: 0
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND